क्वींस कालेज में गुरु नानकदेव पांच दिवसीय चित्र प्रदर्शनी शुरू राज्य मंत्री (स्वतत्र प्रभार) डा. नीलकंठ तिवारी ने किया उद्घाटन

                                      दिनांक 09 से 13 नवम्बर 2019 तक होगा आयोजन



गुरु नानकदेव जी की 550वीं जयंती (प्रकाश पर्व) पर लोक संपर्क एवं संचार ब्यूरो, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा एक भव्य डिजिटल चित्र प्रदर्शनी का आयोजन शनिवार से शुरू हो गया। लहुराबीर स्थित राजकीय क्वींस कॉलेज के प्रांगण में आयोजित इस मल्टीमीडिया प्रदर्शनी का उद्घाटन उत्तर प्रदेश सरकार के पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मार्थ कार्य राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डा. नीलकंठ तिवारी ने किया। इस मौके पर उन्होंने सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के प्रयासों की तारीफ की और प्रदर्शनी को काफी उपयोगी व ज्ञानवर्द्धक बताया। इन दौरान उन्होंने गुरु नानकदेव जी के जीवन दर्शन पर भी प्रकाश डाला और कहा कि उनका वाराणसी में भी आगमन हुआ। समाज कल्याण, सामाजिक परिवर्तन और आपसी भाईचारे बढ़ाने के लिए उनका योगदान हमेशा याद किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अभी शहर में काफी संख्या में श्रद्धालु पधारे हुए हैं, ऐसे में इस प्रदर्शनी के लिए यह समय माकूल है। अपर महानिदेशक (मीडिया), लखनऊ श्री आरपी सरोज ने  कहा कि प्रदर्शनी में प्रदर्शनी में गुरु नानकदेव जी के जीवन, शिक्षा, दर्शन और मानवतावादी मूल्यों का डिजिटल तरीके से प्रदर्शन किया गया है। उन्होंने लोगों को इस प्रदर्शनी में आने की अपील की और कहा कि यहां से जो जानकारी मिलेगी, वह लोगों को सद्मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित करेगा। 'सबका साथ-सबका विकास' विषयक चित्र प्रदर्शनी में भारत सरकार के विभिन्न योजनाओं का प्रदर्शन और जानकारी दी गई है।



 


कार्यक्रम के दौरान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का भी आयोजन हुआ और विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी, वाराणसी डा.लालजी ने बताया है कि इस मल्टी मीडिया प्रदर्शनी के दौरान हर दिन प्रतियोगिता का आयोजन होगा। यह प्रदर्शनी आम दर्शकों के लिए पूर्वाह्न 11 से सायं 08 बजे तक खुली रहेगी। प्रदर्शनी में प्रवेश निःशुल्क है। कार्यक्रम के दौरान पत्र सूचना कार्यालय, वाराणसी के निदेशक, विद्यालय के प्राचार्य रामानंद दीक्षित, उपप्राचार्य राजेश कुमार सिंह यादव, लोक संपर्क ब्यूरो लखनऊ के प्रभारी क्षेत्रीय प्रदर्शनी अधिकारी जय सिंह सहित अन्य लोग मौजूद थे।


 


                                प्रदर्शनी में कई विभाग दे रहे अपनी योजनाओं की जानकारी


गुरु नानकदेव जी की 550वीं जयंती (प्रकाश पर्व) पर लोक संपर्क एवं संचार ब्यूरो, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से आयोजित डिजिटल चित्र प्रदर्शनी में केंद्र और राज्य के कई विभागों की ओर से स्टॉल लगाए गए हैं। इन स्टॉलों पर सरकार की ओर से चलाए जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। चिकित्सा स्वास्थ्य एवं कल्याण विभाग, उत्तर प्रदेश सरकार के स्टाल पर मिशन इंद्रधनुष, प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व योजना, आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जनआरोग्य योजना सहित अन्य योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। वाराणसी जिले के लीड बैंक यूनियन बैंक की ओर से वित्तीय साक्षरता केंद्र खोला गया है जहां लोगों को विभिन्न वित्तीय योजनाओं के बारे में जागरूक किया जा रहा है।  समाज कल्याण विभाग के स्टॉल पर मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, अनुसूचित जाति-जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम, वृद्धावस्था पेंशन योजना, राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना जैसे योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के प्रकाशन विभाग की ओर से पुस्तकों का स्टाल लगाया गया है। इस स्टाल पर महात्मा गांधी पर लिखी किताबों के अलावा राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री के भाषणों पर आधारित पुस्तकों का भी प्रदर्शन किया गया है।


इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सबसे बड़ा वेद कौन-सा है ?