माँ के साथ सो रहे बालक को सर्प ने डसा, उपचार के अभाव में हुई मौत



हमीरपुर, 25 जुलाई 2020। सुमेरपुर  विकास खंड के ग्राम खडे़हीजार में गुरुवार की रात को अपनी मां के साथ चारपाई में सो रहे एक 13 वर्षीय बालक को सर्प ने डस लिया। उपचार न मिल पाने से शुक्रवार को प्रातः उसने दम तोड़ दिया। परिजनों का कहना था कि अस्पताल में उपचार हो जाता तो उसकी जान बच सकती थी।
 खडे़ही जार निवासी शिव कुमार कुशवाहा ने बताया कि उसका पुत्र शिवम 11वर्ष कक्षा 6 का छात्र था गुरुवार की शाम को खाना खाने के बाद वह अपनी मां गुड्डो के साथ सोया था तभी अर्धरात्रि को उसे चारपाई में मौजूद सर्प ने डस लिया। बालक गहरी नींद में था तो कुछ जान नहीं सका। थोड़ी देर बाद उसे बेचैनी हुई और उसका पेट गड़बड़ाया तो वह शौच के लिए गया। वापस आने के बाद उसका जी मचलने लगा। मुंह से फिजकुल गिरने लगा। तब घर के लोगों को आभास हुआ कि उसे किसी जहरीले कीड़े ने काटा है। लोगों ने चारपाई पर पड़े चद्दर को उठाया तो उसमे सर्प लिपटा हुआ था जो धड़ाम से नीचे गिरा और बाहर निकल गया। सर्प के काटने की बात सुनकर सभी के होश उड़ गए। आनन फानन में उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया मगर वहां कोई उपचार न मिल पाने के बाद महोबा जनपद के कई झाड़ फूंक वालों को दिखाया गया। रात भर उसका देशी उपचार कराने के बाद भी शुक्रवार को प्रातः बालक ने दम तोड़ दिया। बालक के पिता का कहना था कि यदि अस्पताल में  तत्काल उसका इलाज हो जाता तो उसकी जान बच सकती थी। मगर कोरोना के चलते अस्पतालों में इलाज संभव नहीं हो पा रहा है। तो लोगों की जान जा रही है। नाग पंचमी के ठीक एक दिन पहले बालक की सर्प के डसने से हुई मौत चर्चा का विषय बनी हुई है। मृतक बालक के घर परिवार में भारी गम का माहौल बना हुआ है। (फाइल फोटो शिवम कुमार कुशवाहा)


इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सबसे बड़ा वेद कौन-सा है ?

कर्नाटक में विगत दिनों हुयी जघन्य जैन आचार्य हत्या पर,देश के नेताओं से आव्हान,