भाजपा सरकार ने पश्चिम यूपी को गुण्डों, माफियाओं से मुक्त कराया-स्वतंत्र देव सिंह


लखनऊ 22 अक्टूबर 2020, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी व पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्री स्वतंत्र देव सिंह जी ने उत्तर प्रदेश में विधान सभा उपचुनाव में प्रचार की शुरुआत गुरूवार को कर दी। पहली जनसभा से ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने अपने आक्रामक अंदाज में विरोधियों पर हमला बोला। पिछली सरकारों में ध्वस्त कानून व्यवस्था की चर्चा करते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने पश्चिम यूपी को गुण्डों, माफियाओं से मुक्त कराया। पिछली सरकारों के कार्यकाल में जो गुण्डे, बदमाश सत्ता के संरक्षण से व्यापारियों का शोषण करते थे, लोगों की जमीनों पर कब्जा कर लेते थे, वे आज अपनी जान की भीख मांग रहे हैं। इन गुण्डे, माफियाओं की अकूत संपत्तियों पर हमने बुल्डोजर चलवाया है। योगी जी ने गुरुवार को बुलंदशहर नौगांवा सादात और टूंडला विधान सभा क्षेत्र में जनसभाएं की।
प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह जी के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने बुलंदशहर की सदर विधान सभा से उपचुनाव की रैली का आगाज किया। स्व. वीरेंद्र सिंह सिरोही को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ योगी आदित्यनाथ जी ने अपने भाषण की शुरुआत की तो उत्साहित भीड़ काफी देर तक जय श्री राम व योगी-योगी के नारे लगाती रही। योगी जी ने कहा कि 2017 में विधान सभा चुनाव के प्रचार की शुरुआत भी मैंने बुलंदशहर से की थी और कहा था कि भाजपा आएगी तो गुण्डा राज खत्म होगा। बेटियों की रक्षा होगी। परिणाम सामने है, सत्ता के संरक्षण में जो गुण्डे, व्यापारियों का शोषण करते थे, जनता की जमीनों पर कब्जा करते थे और बेखौफ घूमते थे, आज उनके द्वारा हथियाई गई संपत्तियों पर बुल्डोजर चल रहा है। गुण्डे जान की भीख मांग रहे हैं।
बुलंदशहर की रैली के मंच से मुख्यमंत्री योगी जी ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष पीएफआई के लोगों से मिलने केरल जाते हैं। ये वही पीएफआई है जो देश भर में दंगों की श्रृंखला खड़ी करना चाहती है। उन्होंने कहा कि जाति के नाम पर राजनीति कर रहे लोग देश को कमजोर कर रहे हैं।  
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि ये वही पश्चिम यूपी है जहां कांवड़ यात्रा नहीं निकलने दी जाती थी और कहा जाता था कि इससे दंगे हो जाएंगे। तब हमने कहा था कि हमारी सरकार आएगी तो कोई दंगा नहीं होगा, दंगा करने वालों को हम ठीक कर देंगे। अब कांवड़ यात्रा भी निकलती है और पुष्प वर्षा भी होती है। उत्तर प्रदेश को उत्तम प्रदेश बनाने के लिए भाजपा की सरकार काम कर रही है।
देश के पूर्व प्रधानमंत्री चैधरी चरण सिंह ने हमेशा किसानों की चिंता की, लेकिन उनके नाम पर राजनीति करने वालों ने कभी किसानों के बारे में नहीं सोचा। पिछली सरकारों ने किसानों की चिंता की होती तो चीनी मिलों का विस्तारीकरण और आधुनिकीकरण हुआ होता। भाजपा सरकार में यह सारे कार्य तेजी से हो रहे हैं। चैधरी चरण सिंह के सपनों को साकार करने का काम भाजपा ही कर सकती है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने कहा कि महाराजा महेंद्र प्रताप सिंह ने अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय बनाने के लिए अपनी पूरी संपत्ति दान कर दी लेकिन उनके नाम की एक शिला भी नहीं लगी। अनुसूचित जाति, जनजाति के युवाओं के प्रवेश में हमेशा समस्या रही। आज भाजपा सरकार राजा महेंद्र प्रताप सिंह के नाम पर उसी अलीगढ़ में विवि बनाने का काम कर रही है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने कहा कि जातिवाद की राजनीति करने वालों को आइना दिखाइये। विपक्ष पर प्रहार करते हुए कहा कि कैराना और कांधला के व्यापारियों का पलायन कराने और मुजफ्फरपुर में दंगों की श्रृंखला खड़ी कर किसी निर्दोष सचिन और गौरव को मरवाने के लिए तुम्हारे जातिवादी नारे होते हैं।
पहले प्रदेश में पुलिस, शिक्षकों की भर्तियां निकलती भी थी तो भ्रष्टाचार करके भाई, भतीजे और जाति विशेष के लोगों में बांट दी जाती थी। हमारी सरकार में 1,37,000 भर्तियां हुई जिसमें ज्यादातर युवा पश्चिम यूपी के हैं। हमने जो कहा वह करके दिखाया है। चीनी मिल जो सपा ने बंद किया था उसे हमने चला कर दिखाया। बुलंदशहर में मेडिकल कालेज भी बनने जा रहा है। योगी जी ने कहा कि फिल्म सिटी भी बुलंदशहर के बहुत करीब बन रही है। युवाओं को बड़ी संख्या में रोजगार मिलेगा।
टुण्डला और अमरोहा की जनसभा में योगी जी ने कहा कि झूठे मुकदमों में भाजपा कार्यकर्ताओं को बंद करने वाले लोग आज अपने कर्मों से जेल की सलाखों के पीछे पहुंच गए हैं। यूपी 24 करोड़ की आबादी का सबसे बड़ा प्रदेश है। कोरोना काल में गरीबों को राशन देने का काम हो या फिर रोजगार, हर स्तर पर भाजपा सरकार ने रात दिन काम किया।
टुण्डला में महिला डिग्री कालेज का निर्माण हो रहा है जो भाजपा के शासन काल में ही संभव हुआ। कश्मीर से धारा 370 समाप्त करने का काम पीएम मोदी के नेतृत्व में ही संभव हो सका। मोदी सरकार ने भारत की धरती से आतंकवाद के सफाये का काम किया है। योगी जी ने कहा कि भाजपा ही एक मात्र दल है जहां जमीन से जुड़े कार्यकर्ता को टिकट दिया जाता है,वही बाद में प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री भी बनता है।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्री स्वतंत्र देव सिंह ने गुरूवार को कहा कि स्व. चैधरी चरण सिंह की विचारधारा से कुछ लोग भटक चुके है। ऐसे लोगों को जनता खारिज कर चुकी है। अब यही लोग उत्तर प्रदेश में हिंसा और अराजकता व भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने वाले दलों को अपनी बैशाखी बना रहे है। लेकिन जनता इनके इरादों को भलीभांति समझ चुकी है। जनता जानती है कि इनका किसानों के हितों से कोई लेना देना नहीं है। उन्होंने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में राज्य की भाजपा सरकार किसानों के कल्याण के लिए कई योजनाएं लागू की है। भाजपा द्वारा किसानों के हितों में किये जा रहे फैसले विपक्ष को रास नहीं आ रहे इसीलिए वे भ्रम का वातावरण बना रहे है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने बुलन्दशहर विधानसभा उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी उषा सिरोही को विजयी बनाने की अपील करते हुए कहा कि स्व. वीरेन्द्र सिरोही जी ने आजीवन किसानों व गरीबों के कल्याण के लिए कार्य किया।
पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्री स्वतंत्र देव सिंह ने नौगावां सादात विधानसभा के उपचुनाव में पार्टी प्रत्याशी श्रीमती संगीता चैहान के पक्ष में आयोजित चुनावी जनसभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में हिंसा व अराजकता का वातावरण बनाने की कोशिश करने वाले लोग अपने मंसूबों मेें सफल नहीं होगें। उन्होंने कांग्रेस-सपा व अन्य विपक्षी दलों के नेताओं पर हमला बोलते हुए कहा कि कभी आंतकी घटनाओं के आरोपियों को छोड़ने की कोशिश करते है तो कभी हिंसा के आरोपियों के परिजनों से मिलते हैं। आखिर ऐसे लोग कैसा उत्तर प्रदेश बनाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि पिछले 15 वर्षों में कांग्रेस-सपा-बसपा के कुशासन को जनता ने देखा है प्रदेश में किस तरह अराजकता का माहौल था। लेकिन राज्य में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनने के बाद अपराध में आई कमी और भ्रष्टाचार पर जीरो टालरेंस की नीति से विपक्षी दल परेशान है। वे किसी भी तरह राज्य में अस्थिरता पैदा करने चाहते है। लेकिन वे अपने मंसूबों में सफल नहीं होंगे।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने टूण्डला विधानसभा उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी प्रेमपाल सिंह धनगर के पक्ष में चुनावी जनसभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि पंचायत से लेकर पार्लियामेंट तक अपना और अपने परिवार के लोंगो का समायोजन करने वाले परिवारवादी दल से जनता ऊब चुकी है। लेकिन ये दल अभी भी अपनी परिवारवादी सोच से नहीं ऊबर पा रहे। उन्होंने सपा-बसपा व कांग्रेस की नीतियों पर सवाल खडे़ करते हुए कहा कि इनके एजेण्डे में गांव, गरीब, किसान, नौजवान हैं ही नहीं इनकी सोच सिर्फ अपनी और अपने परिजनों के विकास तक ही सीमित है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने जनता का आवाह्न किया कि वे एक बार फिर से विधानसभा के उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी को भारी बहुमत से विजयी बनाएं।


इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सबसे बड़ा वेद कौन-सा है ?

कर्नाटक में विगत दिनों हुयी जघन्य जैन आचार्य हत्या पर,देश के नेताओं से आव्हान,