समाजवादी पार्टी के निवर्तमान जिलाध्यक्ष तिलक यादव एड. के भाई को गोली मारी

 





भाई की तहरीर पर चार नामजद व दो अज्ञात लोगों पर मामला दर्ज

ललितपुर। सोमवार देर रात चुनावी रंजिश के चलते समाजवादी पार्टी के निवर्तमान जिलाध्यक्ष तिलक यादव एड. के भाई को गोली मार दी गयी। जाखलौन क्षेत्र के ग्राम सैपुरा में हुई इस घटना ने जिले के राजनैतिक गलियारों में हडक़म्प मचा दिया। सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक निखिल पाठक ने दलबल के साथ मौका मुआयना किया। वहीं घायल के भाई की तहरीर पर चार नामजद व दो अज्ञात लोगों के खिलाफ संगीन धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है।

बताया गया है कि रात करीब 10 बजे ग्राम सैपुरा निवासी पुष्पेन्द्र सिंह यादव अपने बगीचे वाले मकान में था। इस दौरान कुछ लोगों ने खिडक़ी से पुष्पेन्द्र सिंह को गोली मार दी, जो पुष्पेन्द्र के सिर में जा धंसी। गोली चलने की आवाज काफी दूर तक सुनी गयी। घटना को लेकर थाना पाली के राजगढ़ व हाल निवासी सिविल लाइन ललितपुर लाखन सिंह पुत्र ग्याप्रसाद ने बताया कि वह ग्राम कपासी से अपनी रिश्तेदारी से भांजे विनोद के साथ वापस आ रहा था। लाखन सिंह ने बताया कि वह अपनी बुआ के लडक़े पुष्पेन्द्र यादव के बगीचे वाले मकान के पास पहुंचा ही था कि तभी फायर होने की आवाज सुनाई दी। मौके पर जाकर उसने देखा तो बाउण्ड्रीबाल से कूद कर ग्राम सैपुरा व हाल मोहल्ला चांदमारी निवासी देवेन्द्र उर्फ शैलू पुत्र बाबूलाल, रामकुमार पुत्र कपूर सिंह, सैपुरा निवासी महेश पुत्र महाराज सिंह, ग्राम बारौद निवासी अरविन्द सिंह व दो अज्ञात लोगों को बिजली की रौशनी में भागते हुये देखा। लाखन सिंह ने बताया कि उक्त लोगों को जब ललकारा तो धमकी देते हुये उक्त लोगों ने पुष्पेन्द्र को गोली मारने की बात कहते हुये उसे भी जान से मारने की धमकी दी। लाखन सिंह भागते हुये जब पुष्पेन्द्र सिंह के मकान में पहुंचा तो पुष्पेन्द्र सिंह मरणासन्न अवस्था में बेहोशी की अवस्था में पड़ा था और सिर से खून बह रहा था। घायल अवस्था में लोगों की मदद से उन्होंने पुष्पेन्द्र सिंह को जिला अस्पताल में दाखिल कराया गया। जहां चिकित्सकों ने बताया कि पुष्पेन्द्र के सिर में गोली फंसी हुयी है और हालत गंभीर है। लाखन सिंह ने बताया कि उक्त लोगों से उसके भाई की पुरानी व प्रधानी को लेकर रंजिश चल रही है।

घटना को लेकर एसपी ने जारी किया बयान

गोली काण्ड की घटना को लेकर एसपी निखिल पाठक ने अपना बयान जारी करते हुये बताया कि थाना जाखलौन के सैपुरा गांव में कुछ बदमाशों द्वारा पूर्व सपा जिलाध्यक्ष के भाई पुष्पेन्द्र यादव को सिर में गोली मारे जाने की बात प्रकाश में आई है। जिसके सम्बन्ध में घायल द्वारा रामकुमार पुत्र कपूर सिंह, महेश पुत्र महाराज, शैलू यादव पुत्र बाबू सिंह यादव नि. सैपुरा थाना जाखलौन ललितपुर पर चुनावी रंजिश के कारण घटना कारित करने का आरोप लगाया है। वर्तमान में पुष्पेन्द्र यादव की पत्नी उमा यादव प्रधान है, पूर्व में वर्ष 2002 में कपूर यादव एवं महाराज यादव की हत्या में पुष्पेन्द्र यादव आरोपी रहा है तथा उक्त अभियोग में पुष्पेन्द्र यादव को सजा भी हो चुकी है। घायल पुष्पेन्द्र यादव के भाई के द्वारा तहरीर दी गई है, जिसके आधार पर अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक कार्यवाही की जा रही है। संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

गोलीकाण्ड में दर्ज हुआ मामला

सैपुरा निवासी पुष्पेन्द्र सिंह को गोली मारने के आरोप में लाखन सिंह की शिकायत पत्र पर देवेन्द्र उर्फ शैलू, रामकुमार पुत्र कपूर सिंह, महेश पुत्र महाराज सिंह, अरविन्द व दो अज्ञात लोगों के खिलाफ धारा 147, 148, 149, 307, 323, 504, 506, 452 के तहत मामला दर्ज किया गया है।


इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सबसे बड़ा वेद कौन-सा है ?

कर्नाटक में विगत दिनों हुयी जघन्य जैन आचार्य हत्या पर,देश के नेताओं से आव्हान,