5 दिसम्बर 2022 को साइकिल चुनाव चिह्न वाले बटन को दबाकर श्रीमती डिम्पल यादव को रिकार्ड मतो से विजयी बनाने जा रहे हैं-अखिलेश यादव

  लखनऊ

          दिनांकः 30.11.2022
    समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव ने मैनपुरी लोकसभा क्षेत्र के ताखा ब्लाक और ग्राम कुशालपुर बेवर में मतदाताओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि मैनपुरी, इटावा का विकास नेताजी श्री मुलायम सिंह यादव ने किया है। मैनपुरी, इटावा समाजवादी परिवार से हमेशा से जुड़ा रहा है। यहां सभी के पास नेताजी की यादें हैं। यहां के मतदाता 5 दिसम्बर 2022 को साइकिल चुनाव चिह्न वाले बटन को दबाकर श्रीमती डिम्पल यादव को रिकार्ड मतो से विजयी बनाने जा रहे हैं।
    श्री अखिलेश यादव ने विधानसभा जसवन्तनगर क्षेत्र के ताखा ब्लाक के भरतिया कोठी में आयोजित चुनावी सभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि गोमती रिवरफ्रंट बनाने का फैसला कैबिनेट का है। गोमती रिवरफ्रंट में जितने फैसले हुए हैं कैबिनेट में लिए गए हैं। बुन्देलखण्ड एक्सप्रेस-वे उद्घाटन के अगले दिन ही ढह गया, उसकी सीबीआई और ईडी जांच क्यों नहीं हो रही है।
    श्री यादव ने कहा कि मैनपुरी, इटावा की जनता ने हमेशा नेताजी का साथ दिया। नेताजी सबको साथ लेकर चलते थे। सबका सम्मान करते थे। यहां का विकास नेताजी की देन है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी नेताजी के आदर्शों और विचारों पर चलकर यहां के विकास को आगे बढ़ाएंगी।
    श्री यादव ने कहा कि मैनपुरी, इटावा क्षेत्र में जो भी विकास कार्य दिख रहा है वह नेताजी ने किया है। नेताजी ने अपने मुख्यमंत्रित्वकाल में ऐतिहासिक फैसले लिए। किसानों, मजदूरों, व्यापारियों, छात्रों, नौजवानों के लिए बहुत काम किये। पहली बार मुख्यमंत्री बनने पर नेताजी किसानों के दस हजार रूपये के कर्ज माफ किए थे। तब दस हजार रूपये बड़ी रकम होती थी।
    श्री अखिलेश यादव ने कहा कि नेताजी ने रक्षामंत्री रहने के दौरान शहीद जवानों को सम्मान दिलाया था। पहले शहीद होने पर जवानों की टोपी और बेल्ट ही घर आती थी। नेताजी ने नियम बनाकर शहीद जवानों का पार्थिव शरीर घर तक भेजने की व्यवस्था कर सम्मान दिलाया।
    श्री यादव ने कहा कि नेताजी किसी विकास परियोजना का शिलान्यास करते थे तो उद्घाटन की तारीख भी तय कर देते थे। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे के शिलान्यास के समय नेताजी ने उद्घाटन की तारीख तय करा दी और कहा कि 24 महीने में एक्सप्रेस-वे बनकर तैयार हो जाए। समाजवादी सरकार ने आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे 22 महीने में बनाकर तैयार कर दिया था। उन्होंने कहा कि नेताजी की कार्य करने की शैली सबसे अलग थी।
    श्री अखिलेश यादव ने कुशालपुर की सभा में कहा कि मुख्यमंत्री जी को बताना चाहिए था कि करहल और मैनपुरी में भाजपा सरकार ने विकास का क्या काम किया है। जो काम हो रहे थे उनके बजट में कटौती कर दी है। किसान परेशान है, डीएपी नहीं मिल रही है। लम्बी-लम्बी लाइने लगानी पड़ रही है, उसकी ब्लैकमेलिंग हो रही है। इसके लिए भाजपा सरकार जिम्मेदार है। मुख्यमंत्री जी इस पर चुप है। डीजल, पेट्रोल महंगा है। बिजली का बिल ज्यादा आता है। गांव में ट्रांसफर फुंके पड़े हैं। बड़े पैमाने पर नौजवान बेरोजगार हैं। इन सबकी जिम्मेदार भाजपा सरकार है।
    पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं वरिष्ठ नेता श्री शिवपाल सिंह यादव ने मैनपुरी उप चुनाव में श्रीमती डिम्पल यादव को भारी मतों से जिताने की अपील करते हुए कहा कि समाजवादियों का मुकाबला भाजपा और जिला प्रशासन दोनों से है। उन्होंने कहा कि नेता, कार्यकर्ता पूरी सावधानी से रहें। भाजपा साजिश और षडयंत्र कर रही है कि मैनपुरी लोकसभा उप चुनाव में ज्यादा मतदान न हो,  उन्होंने कहा आज नेताजी जैसा कोई नेता नहीं है। यहां की जनता को उनसे बहुत प्रेम था। यहां के लोगों ने नेताजी को धरती पुत्र बनाया। हमें उनके आदर्शों पर चलना है।
    चुनावी सभा में मौजूद जनता दल (यू) के राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व सांसद श्री के.सी. त्यागी ने कहा कि मैनपुरी के चुनाव से देश में बड़ा संदेश जाएगा। उन्होंने डिम्पल यादव  जी को भारी मतों से जिताने की अपील की। इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के विधायक श्री आलम बदी, पूर्व एम.एल.सी. डॉ0 राजपाल कश्यप आदि नेताओं के अलावा हजारों की संख्या में नेता, कार्यकर्ता और मतदाता मौजूद थे।  

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सबसे बड़ा वेद कौन-सा है ?

कर्नाटक में विगत दिनों हुयी जघन्य जैन आचार्य हत्या पर,देश के नेताओं से आव्हान,