पर्यटन मंत्री ने फिरोजाबाद महोत्सव में भारत सरकार के हस्तशिल्प एवं वस्त्र मंत्रालय की सहभागिता के लिए पत्र लिखा

लखनऊः 17 जनवरी, 2023 उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री जयवीर सिंह ने विकास आयुक्त हस्तशिल्प, वस्त्र मंत्रालय, भारत सरकार, नई दिल्ली को पत्र लिखकर 27 जनवरी से 05 फरवरी, 2023 तक जनपद फिरोजाबाद में आयोजित किये जाने वाले फिरोजाबाद महोत्सव में कम से कम 50 शिल्पियों का हस्तशिल्प बाजार व्यवस्थित कराने का अनुरोध किया है। पर्यटन मंत्री ने 16 जनवरी, 2023 को भेजे गये अनुरोध पत्र में भारत सरकार को अवगत कराया है कि जनपद फिरोजाबाद पूरी दुनिया में सुहागनगरी और कांच नगरी के रूप विख्यात है। फिरोजाबाद कांच के सामानों की पूरे विश्व में पहचान एवं मांग है। इसके अलावा हस्तशिल्प की दृष्टि से भी फिरोजाबाद की अलग पहचान है। श्री जयवीर सिंह ने अपने पत्र में यह भी अवगत कराया है कि देश के प्रधानमंत्री एवं यशस्वी मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी द्वारा हस्तशिल्प के विकास और इससे जुड़े कारीगरों के सामाजिक एवं आर्थिक उत्थान के लिए प्रयासरत हैं। इन शिल्पियों के लिए विभिन्न छूट की व्यवस्था तथा कल्याणकारी योजनायें संचालित की जा रही हैं। फिरोजाबाद महोत्सव के माध्यम से हस्तशिल्प का व्यापक प्रचार प्रसार किया जा सकता है। हस्तशिल्प में स्वरोजगार एवं आमदनी की असीमित संभावनाये हैं, इसके साथ ही प्रदेश की अर्थव्यवस्था में इसका महत्वपूर्ण योगदान भी है। पर्यटन मंत्री ने यह भी अवगत कराया है कि 27 जनवरी से 05 फरवरी, 2023 तक फिरोजाबाद के पी0डी0जैन कालेज ग्राउण्ड में विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन के अलावा हस्तशिल्प का प्रदर्शन तथा विभिन्न विभागों की प्रदर्शनियों के माध्यम से जनपद की विकास यात्रा को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जायेगा। इसके साथ ही हस्तशिल्प, स्थानीय निर्मित उत्पादों को प्रदर्शित किया जायेगा, इससे हस्तशिल्पियों के उत्पादों के प्रचार प्रसार को एक बड़ा मंच उपलब्ध होगा। इसमें भारत सरकार की सहभागिता आवश्यक है।

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सबसे बड़ा वेद कौन-सा है ?

कर्नाटक में विगत दिनों हुयी जघन्य जैन आचार्य हत्या पर,देश के नेताओं से आव्हान,